असम में पटरी पर विस्फोट, एक की मौत (लीड-2)
गुवाहाटी, 8 जुलाई (आईएएनएस)। असम में गुरुवार तड़के हुए शक्तिशाली विस्फोट की वजह से गरीब रथ एक्सप्रेस के छह डिब्बे पटरी से उतर गए जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और सात घायल हो गए। पुलिस ने इस विस्फोट के लिए प्रतिबंधित संगठन नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड (एनडीएफबी) को जिम्मेदार बताया है।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि यह घटना देर रात 2.15 बजे कोकराझार के बाबुबिल इलाके की है। विस्फोट के कारण गुवाहाटी से कोलकाता जा रही गरीब रथ एक्स्रपेस के छह डिब्बे पटरी से उतर गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया और मौके पर राहत रेलगाड़ियां पहुंच गई हैं।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य प्रवक्ता एस. हाजोंग ने आईएएनस को बताया, "गरीब रथ एक्सप्रेस अभी बाबुबिल पहुंची ही थी कि यह विस्फोट हो गया। विस्फोट की वजह रेलगाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतर गए।"
उन्होंने कहा, "इसा घटना में रेलगाड़ी के चालक और कुछ अन्य यात्रियों को गंभीर चोटे आई हैं। विस्फोट की वजह से छह डिब्बे क्षतिग्रस्त हो गए।"
इस घटना में मारे गए यात्री की शिनाख्त दुरलव चेतिया के रूप में हुई है। वह गुवाहाटी के रहने वाले थे। पुलिस का कहना है कि विस्फोट रिमोट कंट्रोल के जरिए किया गया।
पुलिस का कहना है कि एनडीएफबी के सदस्यों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। एक अधिकारी ने बताया, "एनडीएफबी ने रेलगाड़ी के पहुंचने से पहले पटरी पर विस्फोटक लगा दिया था जिससे यह विस्फोट हुआ।"
गौरतलब है कि असम सरकार ने बुधवार को खुफिया सूचनाओं के आधार पर अलर्ट जारी किया था। इसके बावजूद यह विस्फोट हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications