मोबाइल फोन से होगा आंखों का चेकअप
नई दिल्ली। मोबाइल फोन का इस्तेमाल अब सिर्फ दूर बैठे व्यक्ति से बात करने, एसएमएस भेजने, गाने सुनने, वीडियो देखने या फोटो खींचने तक सीमित नहीं रह गया है। जल्द ही आप अपने मोबाइल से अपना आई चेकअप करने यानी आंखों का परीक्षण कर सकेंगे। जी हां यह देन है भारतीय वैज्ञानिक प्रो. रमेश रसकर की जो अमेरिका के मैसेच्यूसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में शोध कर रहे हैं।
सीएनएन-आईबीएन की खबर के मुताबिक एमआईटी मीडिया लैब में प्रो. रसकर ने एक यंत्र बनाया है जिसके माध्यम से आप अपने मोबाइल फोन के कुछ बटन दबा कर अपनी आंखों का चेकअप कर सकेंगे। प्रो. रसकर ने इस यंत्र का नाम 'नीयर आई टूल रिफ्रेक्टिव एसेसमेंट' रखा है जिसे शॉर्ट फॉर्म में 'नेत्रा' कह सकते हैं।
प्लास्टिक का बना यह यत्र मोबाइल फोन के आगे लगाकर जब आप मोबाइल फोन में देखेंगे तो एक विशेष प्रकार का सॉफ्टवेयर किरणों को विशेष रूप से दिखाएगा। उन किरणों को देखने से आंखों की मांसपेशियों से परावर्तन (रिफलेक्शन) के माध्यम से यह यंत्र बता देगा कि आपकी आंखें कितनी कमजोर हैं।
इस यंत्र की कीमत मात्र 100 रुपए के करीब होगी। यदि इसका उत्पादन व्यापक स्तर पर किया जाएगा, तो इसकी कीमत और कम होगी। एमआईटी के रिसर्च एसोसिएट अंकित मोहन का कहना है कि भारत जैसे देशों के लिए यह काफी उपयुक्त साबित हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications