स्कॉटलैंड का 'शेफ ऑफ ईयर' पुरस्कार दक्षिण एशियाई महिला को
लंदन, 30 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तान में पैदा हुईं स्कॉटलैंड की पहली एशियाई महिला मुख्य बावर्ची, माहरुख बट को ग्लासगो में आयोजित इस वर्ष के स्कॉटिश करी अवार्ड समारोह में 'शेफ ऑफ द ईयर' (वर्ष का बावर्ची) घोषित किया गया है।
माहरुख, ग्लासगो के चार सितारा 'लोर्न होटल' के एक भारतीय रेस्तरां, 'बुखारा' में मुख्य बावर्ची हैं। इस रेस्तरां ने पिछले सप्ताह आयोजित पुरस्कार समारोह में शीर्ष रेस्तरां का खिताब जीता है।
माहरुख पाकिस्तान की हैं। उन्हें पाकिस्तान की पहली महिला मुख्य बावर्ची होने का भी गौरव प्राप्त है। दुबई के शेरेटॉन में जाने से पहले उन्होंने शीर्ष सितारा होटलों में काम किया था। वह 2009 में बुखारा से जुड़ गईं।
माहरुख ने कहा, "मैं 'शेफ ऑफ द ईयर' पुरस्कार से सम्मानित होकर खुश हूं। बुखारा में काम करते हुए मुझे मेरी पाक कला में रचनात्मकता लाने की छूट मिली। मुझे ताजा स्कॉटिश उत्पादों के इस्तेमाल से नए स्वास्थ्यवर्धक व्यंजनों को तैयार करने में आनंद आता है।
यह रेस्तरां किसी वैश्विक श्रृंखला का हिस्सा नहीं है, बल्कि एक बुटीक होटल का हिस्सा है। यह अनोखा है और मेरे लिए कुछ खास ही है।"
माहरुख के बनाए व्यंजन भारत और पाकिस्तान की पाक परंपराओं का मिश्रण हैं और वह कहती हैं कि उन्होंने बुखारा में भारत के पारंपरिक व्यंजनों के साथ ही भोजन पकाने की खुद की अपनी काल्पनिक शैली विकसित की है।
बुखारा के मालिक और उद्यमी आर्ची शरीफ ने स्कॉटलैंड के समाचार पत्र 'इवनिंग टाइम्स' को बताया, "भोजन के शौकीनों के लिए बुखारा कुछ अलग व्यंजन परोसता है। यहां के स्वास्थ्यवर्धक भारतीय व्यंजन वाकई में सर्वोत्तम हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications