सोनिया गांधी ने रोहतांग सुरंग की आधारशिला रखी

पढ़ें: हिमाचल प्रदेश की खबरें
यह सुरंग मनाली से 25 किलोमीटर दूर धुंडी में बनेगी। यह 8.8 किलोमीटर लंबी होगी। इस सुरंग के बन जाने के बाद लद्दाख और मनाली साल भर सड़क संपर्क बना रहेगा। सोनिया ने काले ग्रेनाइट की पट्टिका का अनावरण भी किया। इस पट्टिका पर लिखा है, "रोहतांग सुरंग की आधारशिला 28 जून, 2010 को राष्ट्रीय सलाहकार परिषद की अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा रखी गई।"
इस मौके पर सोनिया ने कहा, "लोग अपनी रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं पूरे साल हासिल कर सकेंगे। चिकित्सा सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा। पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के पास रोजगार पाने का अवसर भी बढ़ेगा।"
पढ़े: सोनिया गांधी को मिला फीफा विश्वकप का न्योता
इस सुरंग की आधारशिला रखे जाने के मौके पर रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल भी मौजूद थे। इस सुरंग से हिमाचल के लाहौल और स्पीति जिले सड़क संपर्क से जुड़ जाएंगे। सर्दी के मौसम में इन दोनों जगहों का संपर्क देश के शेष हिस्से से कट जाता था।
सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारी इस सुरंग के निर्माण को 'बड़ी भूगर्भीय चुनौती' मानते हैं। इस सुरंग की परियोजना पर कुल 1,500 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। यह 63 महीने में बनकर तैयार होगी।












Click it and Unblock the Notifications