हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार: भारत

भारत ने कहा है कि वह 24 जून को पाकिस्तान से होने वाली विदेश सचिव स्तर की वार्ता में पाकिस्तान की ओर से उठाए जाने वाले सभी मुद्दों पर चर्चा करने के लिए तैयार है.पाकिस्तान की ओर से यह संकेत दिए जाने के बाद कि वह कश्मीर का मसला और कश्मीर में सेना को दिए गए विशेषाधिकार वापस लेने का मुद्दा हटा सकता है, भारत ने कहा है कि वह पाकिस्तान की ओर से उठाए गए हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है.
भारत की विदेश सचिव निरुपमा राव और पाकिस्तान के विदेश सचिव सलमान बशीर के बीच यह मुलाक़ात गुरुवार को इस्लामाबाद में होनी है.समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार रविवार को रक्षा मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक में इस बैठक के एजेंडे पर चर्चा हुई और इसे अंतिम रुप दिया गया.
समाचार एजेंसी ने विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से कहा है, "हम वहाँ आरोप प्रत्यारोप के लिए नहीं बल्कि संभावनाएँ तलाश करने के लिए जा रहे हैं."भारत की ओर से कहा गया है कि वह इस बैठक में पाकिस्तान के संगठनों की ओर से जारी चरमपंथी गतिविधियों पर अपनी चिंता से अवगत करवाएगा.इस बैठक में भारत की ओर से मुंबई हमले में शामिल लोगों के ख़िलाफ़ सुनवाई में तेज़ी लाने, घुसपैठ और संघर्ष विराम के उल्लंघन और नियंत्रण रेखा पर मादक पदार्थों की तस्करी के मुद्दे उठाए जा सकते हैं.इसके अलावा बैठक में नियंत्रण रेखा पर व्यापार बढ़ाने और दोनों ओर के लोगों के बीच संपर्क की सुविधा बढ़ाने पर भी चर्चा होने की संभावना है.












Click it and Unblock the Notifications