आंध्र में स्वाइन फ्लू लौटा, 2 नए मामले
हैदराबाद, 19 जून (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश में स्वाइन फ्लू लौट आया है। हैदराबाद में शनिवार को इसके दो नए मामले सामने आए।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि स्वाइन फ्लू के लक्षण वाले एक व्यक्ति को सरकारी चेस्ट अस्पताल में जबकि दूसरे को गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ये दो नए मामले तब सामने आए हैं जब एक दिन पहले ही आंध्र प्रदेश के तटीय शहर विशाखापट्टनम में 32 वर्षीय एक व्यक्ति की स्वाइन फ्लू से मौत हो गई।
पिछले 14 जून से एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। उसके पड़ोसियों ने कहा कि वह पिछले दिनों एक समारोह में शामिल होने गोदावरी जिला गया था उसके बाद से ही उसमें फ्लू लक्षण दिखे।
इस साल राज्य में स्वाइन फ्लू से यह पहली मौत है। इस साल फ्लू का पहला मामला एक सप्ताह पहले सामने आया था। मेडक जिले की एक 21 वर्षीय गर्भवती महिला स्वाइन फ्लू से पीड़ित पाई गई थी।
इन मामलों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य अधिकारियों ने सतर्कता के तौर पर निगरानी और जांच शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल राज्य में स्वाइन फ्लू से 54 लोगों की मौत हो गई थी और करीब 800 मामले सामने आए थे।
देश में पहला स्वाइन फ्लू का मामला पिछले साल 16 मई को हैदराबाद हवाई अड्डे पर जांच में सामने आया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications