100 रुपये महंगा हो सकता है रसोई गैस सिलेंडर!
नई दिल्ली। अगले सप्ताह ईंधन की कीमतों पर होने वाली मंत्रिमंडल की आधिकारिक बैठक के बाद रसोई गैस के दाम 100 रुपये प्रति सिलेंडर और केरोसिन ऑयल या मिट्टी के तेल के दाम 6 रुपये प्रति लीटर बढ़ने की संभावना है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवड़ा ने बताया "हम अगले सप्ताह बैठक आयोजित करने का प्रयास कर रहे हैं।" पहले ये निर्णय 7 जून की बैठक में लिया जाना था लेकिन मुख मंत्रियों की गैर मौजूदगी के चलते निर्णय नहीं लिया जा सका था।
केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में किरीट पारिख समिति की अनुशंसा के आधार पर ईंधन के दामों में बढ़ोत्तरी किये जाने का फैसला लिया जाना है। समिति के मुताबिक परिवहन ईंधन के दाम बाजार के दामों के अनुरूप तय होने चाहिए न कि सरकार की भारी सब्सिडी के आधार पर। इसलिए समिति ने रसोई गैस के दामों में 100 रुपये प्रति सिलेंडर और केरोसिन के दाम में छह रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की सिफारिश की है।
यदि समिति की सिफारिशों के लिए मंत्रिमंडल समूह में सहमति बन जाती है तो रसोई गैस, केरोसिन तेल के अलावा पेट्रोल-डीजल के दामों में भी भारी बढ़ोत्तरी हो सकती है। उल्लेखनीय है कि मई महीने में ईंधन के ऊंचे दामों के चलते महंगाई दर पहले ही दहाई अंकों पर पहुंच चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications