इसराइल ने गठित किया जांच आयोग

एक सरकारी बयान में कहा गया है कि 'स्वतंत्र सार्वजनिक आयोग" के प्रस्ताव पर कैबिनेट सोमवार को वोट डाल सकता है.31 मई को राहत सामग्री लेकर गज़ा जा रहे जहाज़ों के बेड़े पर किए गए इसराइली हमले में नौ तुर्की कार्यकर्ता मारे गए थे.
इसराइल की घोषणा का अमरीका ने स्वागत किया है और कहा है कि यह सही दिशा में उठाया गया क़दम है.व्हाइट हाउस के प्रवक्ता रॉबर्ट गिब्स ने कहा, ''हम उम्मीद करते हैं कि इसराइल का आयोग और सैन्य जांच जल्दी की काम पूरा करेगा. हम ये भी उम्मीद करते हैं कि जांच के बाद इसके तथ्य सार्वजनिक किए जाएंगे और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के समक्ष रखे जाएंगे.""
गज़ा के लिए दस हज़ार टन राहत सामग्री लेकर छह जहाज़ों का बेड़ा साइप्रस से निकला था और इसकी योजना गज़ा की नाकेबंदी को तोड़कर वहां राहत सामग्री पहुंचाना था.प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतान्याहू के कार्यालय से जारी बयान के अनुसार आयोग इसराइल राष्ट्र द्वारा गज़ा में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे जहाज़ों पर की गई कार्रवाई से जुड़े पहलूओं की जांच करेगा.
तीन सदस्यों के इस पैनल की अगुआई इसराइल की सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश याकोव तिरकेल करेंगे. जांच में तिरकेल का साथ देंगे आयरिश नोबेल पुरस्कार विजेता डेविड ट्रेंबल और कनाडा के रिटायर्ड सैन्य अभियोजक केन वाटकिन.इसराइली सेना का कहना है कि उन्होंने जहाज़ों पर मौजूद कार्यकर्ताओं के ख़िलाफ़ आत्मरक्षा में कार्रवाई की थी जबकि जहाज़ पर मौजूद लोगों का कहना है कि सैनिकों ने बिना किसी कारण गोलियां चलाईं.












Click it and Unblock the Notifications