आतंकी संगठनों के खिलाफ हर स्तर पर कार्रवाई हो : भारत
वाशिंगटन, 4 जून (आईएएनएस)। आतंकवादियों के लिए कोई सीमा नहीं होती, यह याद दिलाते हुए भारत ने अमेरिका से कहा है कि आतंकवादियों के खिलाफ हर स्तर पर कार्रवाई होनी चाहिए। खासकर 26/11 के मुंबई हमले के लिए जिम्मेदार पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा के खिलाफ कार्रवाई में वह भारत का साथ दे।
विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा ने कहा, "हमने अपनी चिंताओं से अमेरिका को अवगत करा दिया है। उन्होंने हमारी भावनाओं को समझा है।"
लश्कर-ए-तैयबा के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पाकिस्तान की अनिच्छा का जिक्र करते हुए कृष्णा ने कहा कि आतंकवादी संगठनों के खिलाफ हर स्तर पर कार्रवाई होनी चाहिए और इसमें किसी संगठन को छूट नहीं दी जा सकती क्योंकि ये सभी आपस में मिले हुए हैं और मिलकर ही आतंकी घटनाओं को अंजाम देते हैं।
कृष्णा ने कहा कि पाकिस्तान में हमने देखा है कि अगर वे कुछ संगठनों को प्रतिबंधित करते हैं तो वही लोग किसी अन्य संगठन का गठन कर लेते हैं।
कृष्णा ने कहा कि उनका मकसद भी एक ही होता है कि दूसरे देशों में आतंक का निर्यात करना। तीसरी दुनिया के देशों में आतंकवादी हमले की कोशिश ठीक उसी तरह है जैसा न्यूयार्क के टाइम्स स्क्वेयर आतंकी हमले की कोशिश।
उन्होंने कहा कि यह कठोर सच्चाई है कि आतंक कोई सीमा नहीं जानता। यह किसी भी व्यक्ति को कहीं भी निशाना बना सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications