गोरखा नेता की हत्या, दार्जीलिंग में तनाव

दार्जीलिंग में अखिल भारतीय गोरखा लीग के अध्यक्ष मदन तमांग की शुक्रवार को अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी है.
दार्जीलिंग के जिलाधीश सुरिंदर गुप्ता ने समाचार एजेंसियों को बताया है कि तमांग पर शहर के प्लांटर्स क्लब के सामने खुखरी और तलवारों से हमला किया गया.
इसके बाद दार्जीलिंग क्षेत्र में तनाव फैल गया और दुकानें-बाज़ार बंद हो गए हैं. लोग सड़कों पर वाहन लाने से कतरा रहे हैं और यातायात प्रभावित हुआ है.
मदन तमांग इसी स्थान पर शुक्रवार को अपने समर्थकों के साथ एक बैठक करने वाले थे. तमांग की अध्यक्षता वाली अखिल भारतीय गोरखा लीग की इस बैठक का गोरखा जनमुक्ति के कार्यकर्ता विरोध कर रहे थे.
इन दोनों गुटों के बीच झपड़ भी हुई जिसके बाद पुलिस को गोली चलानी पड़ी. ज़िलाधीश गुप्ता ने कहा कि पुलिस की गोली से कोई घायल नहीं हुआ है.
गोरखा जनमुक्ति के महासचिव रोशन गिरी ने कहा है कि झपड़ में उनके दल के कुछ लोग घायल हुए हैं और पुलिस कार्रवाई में भी एक व्यक्ति घायल हुआ है.
मदन तमांग पश्चिम बंगाल के पहाड़ी क्षेत्रों में गोरखालैंड नाम के एक अलग राज्य की मांग पर कोई समझौता नहीं करना चाहते थे जबकि गोरखा जनमुक्ति गोरखालैंड राज्य बनाए जाने तक एक अंतरिम ढांचे पर सहमत थे. इस कारण दोनों दलों में तीख़े मतभेद थे.












Click it and Unblock the Notifications