वैश्विक बाजार खोल सकती है 'काइट्स'
वाशिंगटन, 18 मई (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन और मेक्सिकन अभिनेत्री बारबरा मोरी के अभिनय वाली 'काइट्स' शुक्रवार को उत्तर अमेरिका के 200 थियेटरों सहित दुनियाभर के 2,000 थियेटरों में प्रदर्शित होने जा रही है। यह फिल्म भारतीय फिल्मों के लिए वैश्विक बाजार उपलब्ध करा सकती है।
'काइट्स' के निर्माता राकेश रोशन ने न्यूयार्क से फोन पर आईएएनएस से एक साक्षात्कार में कहा, "यदि हमने जितना सोचा है 'काइट्स' उसका पांच प्रतिशत भी व्यवसाय करती है तो न केवल मेरे और मेरी फिल्म के लिए बल्कि भारत के कई युवा फिल्मकारों के लिए नए द्वार खुलेंगे।"
लास वेगास, सैंट फी और लास एंजेलिस में फिल्माई गई 'काइट्स' का अंग्रेजी संस्करण हॉलीवुड निर्देशक ब्रेट रैटनर प्रस्तुत कर रहे हैं। अंग्रेजी संस्करण का प्रदर्शन 28 मई को होगा।
रोशन ने कहा कि उन्होंने एक मेक्सिकन फिल्म 'माई ब्रदर्स वाइफ' में बारबरा मोरी के अभिनय को देखकर उन्हें इस फिल्म में लेने का फैसला लिया था। उन्होंने कहा कि बारबरा बहुत अच्छी अभिनेत्री हैं।
उन्होंने कहा कि निर्देशक अनुराग बसु और खुद उन्होंने लास एंजेलिस में बारबरा से इसके लिए मुलाकात की थी। रोशन ने बताया कि बारबरा फिल्म की पटकथा सुनने के बाद बहुत उत्साहित थीं।
रोशन ने बताया कि फिल्म में एक मेक्सिकन लड़की और एक भारतीय लड़के को एक-दूसरे से प्यार हो जाता है लेकिन ये दोनों एक-दूसरे की भाषा नहीं जानते हैं। फिल्म बताती है कि प्यार की कोई भाषा नहीं होती और प्यार में भाषा बाधा नहीं बनती।
ऋतिक की हॉलीवुड में शुरुआत पर रोशन ने कहा कि उन्होंने यह फिल्म उन्हें हॉलीवुड में स्थापित करने के लिए नहीं बनाई है। वह दुनिया को यह दिखाना चाहते थे कि ऋतिक कितने अच्छे अभिनेता हैं।
उन्होंने कहा कि यदि ऋतिक के पास अच्छे निर्देशक की अच्छी फिल्म के अच्छे किरदार का प्रस्ताव आता है तो फिर फिल्म भारतीय हो या हॉलीवुड की, वह उसमें काम करना पसंद करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications