बिहार में नक्सलियों के बंद से जनजीवन प्रभावित
पुलिस ने बंद को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं। पूर्व मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि पलामू एक्सप्रेस सहित छह रेलगाड़ियों को बुधवार तक रद्द कर दिया गया है, जबकि टाटा-जम्मुतवी एक्सप्रेस सहित पांच रेलगाड़ियों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है।
बंद के कारण राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में बसों का आवागमन पूरी तरह ठप्प हो गया है, जबकि पटना से लंबी दूरी तक जानें वाली बसों की संख्या भी कम हो गई है। इस वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस मुख्यालय ने सभी पुलिस अधीक्षकों को अलर्ट कर दिया है। राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) पी़ क़े ठाकुर ने बताया कि पूर्व की घटनाओं को देखते हुए रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।
उल्लेखनीय है कि प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) ने केंद्र की कथित जनविरोधी नीतियों के विरोध में बिहार, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, झारखण्ड और छत्तीसगढ़ में दो दिवसीय बंद का आह्वान किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications