सोनिया ने लोगों से मिलकर सुनी समस्याएं (लीड-1)
उत्तर प्रदेश कांग्रेस इकाई के मुख्य प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि रायबरेली के ऊंचाहार कस्बे में स्थित राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम (एनटीपीसी) के अतिथि गृह में कांग्रेस अध्यक्ष ने मंगलवार सुबह क्षेत्र के सैकड़ों लोगों से मुलाकात की।
इसके बाद वह गदागंज क्षेत्र के कजियाना और खालिसपुर गांव गईं, जहां यूको बैंक द्वारा यूको समग्र ग्रामीण विकास योजना के अंतर्गत अंगीकरण शिविर का उद्घाटन किया। यहां से कांग्रेस अध्यक्ष ने खजुरी, अंबारा और छीछीमऊ सहित कुछ गांवों का औचक भ्रमण करके ग्रामीणों से केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
सिंह के मुताबिक करीब चार बजे सोनिया ने रायबरेली सदर इलाके के बेला टेकई गांव में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से बनी 32 किलोमीटर लंबी 10 सड़कों का उद्घाटन किया।
बेला टेकई गांव से सोनिया का काफिला रायबरेली शहर के राना नगर पहुंचा। यहां पर उन्होंने राजीव गांधी चैरिटेबल ट्रस्ट के निर्माणाधीन कार्यालय का निरीक्षण किया। इसके बाद वह इंडियन टेलीफोन इंडस्ट्रीज (आईटीआई) के अतिथि गृह के लिए रवाना हो गईं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मंगलवार रात आईटीआई अतिथि गृह में विश्राम करेंगी।
इससे पहले सोमवार को गांवों के औचक भ्रमण के दौरान उंचाहार और उन्नाव रेलखंड के अंतर्गत जलालपुर धई रेलवे क्रॉसिंग पर कांग्रेस अध्यक्ष का काफिला रोकने के मामले में स्टेशन मास्टर और गेटमैन को रेलवे प्रशासन ने निलंबित कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि रेलवे क्रॉसिंग का गेट बंद होने की वजह से कांग्रेस अध्यक्ष के काफिले को यहां कुछ देर रुकना पड़ा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications