पाकिस्तान में विस्फोट, 14 की मौत (लीड-1)
पुलिस ने कहा कि खबर-पख्तूनख्वा प्रांत के डेरा इस्माइल खान कस्बे के बाहर, कालाची इलाके में आतंकियों ने रिमोट नियंत्रित बम से एक पुलिस वाहन को उड़ा दिया। विस्फोट में 17 लोग घायल भी हुए हैं।
समाचार एजेंसी, ऑनलाइन के अनुसार कालाची के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी), इकबाल खान मारवात अपने आवास से दो सुरक्षाकर्मियों के साथ अपने कार्यालय जा रहे थे। उसी दौरान एक साइकिल में लगाए गए विस्फोट के जरिए उनके वाहन को निशाना बनाया गया।
पुलिस ने कहा कि वाहन में छह पुलिस कर्मी सवार थे। विस्फोट के कारण वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और नौ नागरिकों सहित 14 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
डेरा इस्माइल खान में स्थित सरकारी अस्पताल में आपातकालीन चिकित्सा विभाग के प्रभारी डॉ.नासिर ने अस्पताल में 12 शवों को लाए जाने की पुष्टि की है।
डॉ.नासिर ने कहा कि मृतकों में तीन बच्चे और एक महिला भी शामिल है। उन्होंने कहा कि घायलों में दो की हालत गंभीर है।
इस बीच राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने विस्फोट की कड़े शब्दों में निंदा की है और कहा है कि सरकार आतंकियों के साथ सख्ती से निपटेगी और आतंकियों को कहीं छुपने की जगह नहीं मिलेगी।
गिलानी ने अपने संदेश में कहा है कि आतंकी अपनी कायराना हरकतों से देश को अस्थिर करना चाहते हैं, लेकिन वे अपने मकसद में सफल नहीं हो पाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications