समुद्री तूफान के मद्देनजर आंध्र में हाई अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में कम दवाब का क्षेत्र बनने के कारण आंध्र प्रदेश के सभी बंदरगाहों को चेतावनी जारी कर दी गई है। कम दवाब क्षेत्र बनने के बाद समुद्री तूफान की आशंका के कारण यह चेतावनी जारी की गई है। कम दवाब का क्षेत्र विशाखापट्टनम से 690 किलोमीटर दक्षिण पूर्व में स्थित है।
समुद्री तूफान 'लैला' आगामी 72 घंटों में कृष्णा जिले के मछलीपट्टनम को पार कर जाएगा। इसी वजह से तटीय इलाकों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
विशाखापट्टनम स्थित समुद्री तूफान चेतावनी केंद्र के मुताबिक 65 से 75 किलोमीटर प्रतिघंटा के रफ्तार से चलने वाला तूफान आंध्र के तटीय इलाकों में मंगलवार को पहुंचेगा। केंद्र के अनुसार तूफान की गति बढ़ भी सकती है।
मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की सलाह दी गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार राज्य के तटीय इलाकों में बुधवार से भारी बारिश हो सकती है। समुद्री तूफान का असर 25 मई तक बना रह सकता है।
समुद्री तूफान की आशंका की वजह से आपदा प्रबंधन, राजस्व, पुलिस, अग्निशमन, बिजली, सड़क, भवन और पंचायती राज के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई है। राज्य के राजस्व एवं पुनर्वास मामलों के मंत्री डी. प्रसाद राव ने इस संबंध में जानकारी दी।
मुख्यमंत्री के. रोसैया ने सभी जिलाधिकारियों को ऐहतियात बरतने का निर्देश दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications