नक्सली तत्वों के लिए सुरक्षित जगह है गोवा : भाजपा
भाजपा की राज्य इकाई के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र अरलेकर ने कहा कि उड़ीसा के सुंदरगढ़ जिले के दो नक्सलियों की गिरफ्तारी से पता चलता है कि गोवा नक्सली तत्वों के लिए सुरक्षित जगह बन गया है।
राजेंद्र ने संवाददाताओं से कहा, "दो नक्सलियों की गिरफ्तारी से इस बात की पुष्टि होती है कि नक्सली तत्व गोवा का प्रयोग सुरक्षित स्थान के तौर पर कर रहे हैं।" उन्होंने कहा कि पुलिस को न केवल उड़ीसा के सुंदरगढ़ क्षेत्र में नक्सलियों का पता लगाना चाहिए बल्कि अन्य राज्यों में भी अभियान चलाना चाहिए।
गोवा में पिछले हफ्ते गिरफ्तार दोनों नक्सलियों को उड़ीसा भेज दिया गया है। गिरफ्तार नक्सलियों में शंभु बेक भी शामिल था। पुलिस को हत्या और अपहरण के मामले में शंभु की तलाश थी।
पुलिस के अनुसार शंभु का संबंध नक्सली संगठन त्रिशुल मंच से था। यह मंच उड़ीसा के सुंदरगढ़ इलाके में सक्रिय है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।