कालका-शिमला रेलगाड़ी, प्यार की सवारी
शिमला स्टेशन अधीक्षक जी. एस. राजपूत ने बताया, "कालका-शिमला मार्ग की एक रेलगाड़ी में अगले महीने से एक बार फिर दंपतियों के लिए एक विशेष बोगी 'शिवालिक क्वीन' शुरू की जा रही है।" उत्तरी रेलवे की यह सुविधा नवीनीकरण कार्यो के चलते पिछले कुछ महीनों से बंद थी। राजपूत ने कहा, "नई नवनीकृत बोगी में दंपतियों को आरामदायक वातावरण में और अधिक निजता मिलेगी।"
एक समय में चार जोड़ियां
एक समय में एक बोगी में केवल चार जोड़ियां ही सफर कर सकेंगी। उन्होंने बताया कि इस बोगी में यात्रा के लिए एक जोड़ी को एक ओर के किराए में 750 रुपये अधिक देना होंगे। रेलवे की योजना के मुताबिक 'शिवालिक क्वीन" बोगी को 241 'ए" डुप्लिकेट शिवालिक एक्सप्रेस से जोड़ा जाएगा। यह रेलगाड़ी कालका रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन सुबह 6.30 बजे चलेगी।
पढ़ें: मुंबई में चलता है शानदार लग्ज़री ऑटो
रेलवे के वाणिज्य प्रबंधक अमर सिंह ठाकुर ने बताया, "हनीमून बोगी में आरक्षण होने पर ही इसे रेलगाड़ी से जोड़ा जाएगा। पर्यटकों की अधिक आमद के दिनों में इसे नियमित रूप से चलाया जाएगा। गर्मियों में 15 अप्रैल से 15 जून के बीच यहां पर्यटक अधिक संख्या में पहुंचते हैं।" यदि तीन जोड़ियां साथ में यात्रा करना चाहती हैं तो वे शिवालिक पैलेस बोगी को किराए पर ले सकती हैं लेकिन इसका किराया थोड़ा ज्यादा होगा।
सारी सुख- सुविधाओं से लैस
ठाकुर ने बताया, "शिवालिक पैलेस को छह लोगों के लिए होटल के एक कमरे के रूप में बनाया गया है। इसमें बैड और सीट्स को तह किया जा सकेगा। बोगी में बड़ी-बड़ी खिड़कियां होगी, एक फ्रिज होगा, एक रसोई, पुरस्तकालय और खाना खाने की एक मेज भी होगी। यात्रियों की मदद के लिए हमेशा एक व्यक्ति वहां मौजूद रहेगा।"
शिवालिक पैलेस में कालका से शिमला जाने के लिए 4,970 रुपये किराया देना होगा और शिमला से कालका के लिए 3,595 रुपये किराया देना होगा।













Click it and Unblock the Notifications