म.प्र. के अस्पतालों के कैंसर विभागों में होगा सुधार
राज्य के सभी पांच मेडिकल कॉलेजों के कैंसर विभागों में किमियोथेरेपी, लिनियर एसीलेटर,मेमोग्राफी सहित वे संसाधन जुटाए जाएंगे जो इलाज के लिए जरूरी हैं।
राज्य बीमार सहायता निधि की प्रबंधन समिति की बैठक में परिवार कल्याण मंत्री अनूप मिश्रा ने मंगलवार को कहा कि शासन की मंशा गरीब मरीजों को महंगा इलाज निशुल्क मुहैया कराने की है। इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर और रीवा मेडिकल कालेजों के कैंसर विभागों का उन्नतिकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
इस बैठक में गंभीर रूप से बीमार मरीजों के इलाज के लिए 12 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मंजूर की गई। मिश्रा ने राज्य बीमार सहायता निधि को और अधिक उपयोगी बनाने के साथ ही इसकी सूची में नई बीमारियां जोड़ने के निर्देश दिए।
मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं के इतने बेहतर प्रबंध किए जाएं कि मरीजों को निजी अस्पतालों में न जाना पड़े।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications