डेंगू, मलेरिया से बचाव में मददगार है जीवाणु
वाशिंगटन, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। वैज्ञानिकों के एक दल ने ऐसी विधि विकसित करने का दावा किया है जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम में मदद मिलेगी।
मिशिगन विश्वविद्यालय के अमेरिकी व आस्ट्रेलियाई शोधकर्ताओं के एक समूह ने अपने शोध में पाया कि वोल्बेचिआ जीवाणु से संक्रमित मच्छर लार्वा नहीं बनाते। इस संक्रमण से मच्छरों में 'साइटोप्लाज्मिक इंकॉम्पेटिबिलिटी' (सीआई) विकसित हो जाती है जिसके कारण भ्रूण की मृत्यु हो जाती है।
'पीएलओएस पैथोजंस' पत्रिका में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक शोध में पाया गया कि जब वोल्बेचिया संक्रमित नर मच्छर का संक्रमण रहित या दूसरे प्रकार के वोल्बेचिया जीवाणु से संक्रमित मादा मच्छर से मिलन होता है तो भ्रूण की अविकसित अवस्था में ही मृत्यु हो जाती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस जीवाणु का मनुष्यों में संक्रमण नहीं होता इसलिए इसे मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे दुनियाभर में और खासकर गरीब देशों में 25 लाख लोगों को प्रभावित करने वाले डेंगू के नियंत्रण में मदद मिल सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications