करज़ई पर बरसे क़बाइली नेता

अफ़ग़ानिस्तान के कंदहार शहर में क़बाइली नेताओं ने सुरक्षा और भ्रष्टाचार के मामलों पर राष्ट्रपति हामिद करज़ई की कड़ी आलोचना की है.
तालेबान का गढ़ समझे जाने वाले इस इलाक़े में राष्ट्रपति करज़ई बहुत कम आते हैं.
उन्हे लोगों ने बताया कि चरमपंथियों के हाथों मारे जाने के डर से इस इलाक़े के लोग अफ़ग़ान सेना में भर्ती होने की हिम्मत नहीं कर पाते.
राष्ट्रपति करज़ई अमरीकी और नेटो बलों के कमांडर जनरल स्टेन्ली मैक्क्रिस्टल के साथ कंदहार में अगले बड़े सैन्य हमले की तैयारी के लिए आए हैं जिससे स्थानीय लोगों का समर्थन हासिल कर सकें.
पिछला बड़ा हमला पड़ौसी प्रान्त हेलमंद में हुआ था जिसमें सैन्य शक्ति का प्रदर्शन किया गया था. लेकिन कंदहार में राजनीति पर अधिक बल दिया जा रहा है.
क़बाइली नेताओं के सम्मेलन शूरा में एक के बाद एक कई बुज़ुर्ग नेताओं ने खड़े होकर ऊंची आवाज़ में अपनी बात कही. कई बार ग़ुस्सा भी दिखाया और राष्ट्रपति पर चिल्लाए.
एक क़बाइली नेता ने पश्तो भाषा में राष्ट्रपति से पूछा, "बताओ तुम्हारे दिल में क्या है".
इस इलाक़े में तालेबान की बढ़ती शक्ति की ओर इशारा करते हुए एक अन्य नेता ने कहा, "मैं कुछ नहीं कह सकता क्योंकि मैं आतंकवादियों के हाथों मारा जाऊंगा".
कोई 1500 क़बाइलियों की इस बैठक में एक संदेश स्पष्ट था कि वो अभी अफ़ग़ान या नेटों बलों के किसी बड़े सैन्य अभियान के लिए तैयार नहीं हैं.
राष्ट्रपति करज़ई ने उन्हे आश्वासन दिया कि उनके समर्थन के बिना कोई अभियान शुरु नहीं किया जाएगा.
ये बात भी उनकी समझ में आई कि देश में स्थितियां ठीक करने के लिए उन्हे बहुत कुछ करना है.
क्योंकि ये संदेश उन्हे साफ़ सुनाई दिया कि उनकी सरकार भी उतनी ही बड़ी समस्या है जितनी तालेबान.












Click it and Unblock the Notifications