भारती समूह बड़े अनुबंध की ओर

हालांकि इसकी औपचारिक घोषणा अभी दोनों ओर से नहीं की गई है पर एजेंसियों को मिली जानकारी के मुताबिक दोनों कंपनियां अगले कुछ दिनों में एक सौदे को अंतिम रूप दे सकती हैं. अनुबंध के मुताबिक ज़ैंन टेलीकॉम का अफ्रीका में जो हिस्सा है, उसे भारती समूह खरीदने जा रहा है. इसकी अनुमानित क़ीमत नौ अरब अमरीकी डॉलर आंकी जा रही है.
इस अनुबंध के बाद जहां भारती समूह का अफ्रीका में टेलीकॉम सेक्टर में अपने पैर पसारने का प्रतीक्षित सपना पूरा होगा, वहीं किसी भारतीय टेलीकॉम कंपनी के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि भी साबित होगा. 'अनुबंध की दिशा में सकारात्मक प्रगति' जैसी ख़बरें आने के बाद से शेयर बाज़ार में भारती समूह की स्थिति में उछाल आया है और स्टॉक में तीन प्रतिशत से ज़्यादा बढ़त दर्ज की गई है.
भारती समूह अफ्रीका के 15 देशों में ज़ैन टेलीकॉम का हिस्सा खरीदकर अपनी सेवाएं देना चाहता है. भारती समूह के पास भारत में क़रीब 12.5 करोड़ उपभोक्ता हैं और बताया जा रहा है कि नए अनुबंध के बाद अफ्रीका में लगभग सवा चार करोड़ उपभोक्ता भी समूह की सेवाएं ले रहे होंगे.












Click it and Unblock the Notifications