संपत्ति अधिकार से महिलाओं को वंचित करने वाले विधेयक का विरोध
जम्मू, 17 मार्च (आईएएनएस)। जम्मू के वकीलों ने बुधवार को राज्य विधानसभा का घेराव करने की कोशिश की। इस कोशिश में लगभग 100 वकीलों को गिरफ्तार कर लिया गया। ये वकील पिछले सप्ताह विधान परिषद में पेश किए गए उस विधेयक का विरोध कर रहे थे, जिसमें उन महिलाओं के स्थायी निवासी होने के अधिकारों को समाप्त करने का प्रावधान है, जो जम्मू एवं कश्मीर से बाहर के किसी व्यक्ति से शादी करेंगी।
जम्मू बार एसोसिएशन के डेढ़ सौ से अधिक वकीलों ने उच्च न्यायालय परिसर से सचिवालय तक मार्च किया। वहां पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
एसोसिएशन की ओर से कहा गया है कि प्रदर्शनकारियों ने विरोध किया और उनमें से लगभग 100 को उस समय गिरफ्तार कर लिया गया, जब उन्होंने सचिवालय से लगे विधानसभा परिसर की ओर बढ़ने की कोशिश की।
ये वकील स्थायी निवासी अपात्रता विधेयक को वापस लिए जाने की मांग कर रहे थे। यह विधेयक पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के एक सदस्य द्वारा आठ मार्च को पेश किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications