भारत और पाकिस्तान के बीच 14 महीने के बाद वार्ता शुरू
विदेश सचिव निरुपमा राव ने हैदराबाद हाउस में पाकिस्तान के विदेश सचिव सलमान बशीर का स्वागत किया। द्विपक्षीय संबंधों में गतिरोध दूर करने के लिए विदेश सचिवों के साथ वरिष्ठ अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल भी वार्ता में हिस्सा ले रहा है।
राव ने हैदराबाद हाउस के बाहर संवाददाताओं से कहा, "हम बातचीत के लिए उत्सुक हैं।"
वार्ता के लिए हैदराबाद हाउस में प्रवेश करने से पहले बशीर ने कहा, "हैदराबाद हाउस एक परिचित जगह है। हम एक बहुत अच्छी रचनात्मक वार्ता के इच्छुक हैं।"
राव के साथ भारतीय प्रतिनिधिमंडल में पाकिस्तान में देश के उच्चायुक्त सरत सब्बरवाल, विदेश मंत्रालय में पाकिस्तान के प्रभारी संयुक्त सचिव वाई.के.सिन्हा, मंत्रालय के प्रवक्ता विष्णु प्रकाश और मंत्रालय के अन्य अधिकारी शामिल हैं।
पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल में भारत में पूर्व उप उच्चायुक्त और विदेश कार्यालय में दक्षिण एशिया मामलों के निदेशक अफ्रासियाब, भारत में उच्चायुक्त शाहिद मलिक, पाकिस्तानी विदेश कार्यालय के प्रवक्ता अब्दुल बासित और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
प्रतिनिधिमंडल स्तरीय वार्ता के करीब दो घंटे तक चलने की उम्मीद है। राव ने पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल के लिए दोपहर भोज का भी आयोजन किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications