सरकार की तरफ से कोई नहीं करेगा नक्सली नेता किशन जी को फोन
केंद्रीय गृह मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को आईएएनएस से कहा, "भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-माओवादी के नेता किशन जी के मोबाइल नंबर पर फोन करने का सवाल ही नहीं उठता। हमें लगता है कि भ्रमित करने वाला फोन नक्सलियों से सहानुभूति रखने वालों ने किया था।"
केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम की नक्सलियों से हिंसा छोड़ने की अपील के बाद किशन जी ने कहा था कि यदि केंद्र सरकार नक्सलियों के साथ शांति वार्ता चाहती है तो वह गुरुवार तक 9734695789 मोबाइल नंबर पर बात करे।
गृह मंत्रालय के अधिकारी ने कहा, "मंत्रालय से कोई भी इस नंबर पर बात करने नहीं जा रहा है। वैसे भी नक्सली नेता द्वारा दिया गया यह नंबर पहुंच से बाहर है।"
केंद्र के साथ वार्ता का विरोध करने वाले किशन जी ने सोमवार को एकाएक अपना रुख बदलते हुए युद्ध विराम के प्रयास के लिए अपनी तरफ से 72 घंटे की समय सीमा तय की थी।
उन्होंने कहा था कि यदि सुरक्षा बल पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और उड़ीसा में नक्सलियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों को बंद कर दें तो उन लोगों की तरफ से हिंसा नहीं होगी।
किशन जी की इस घोषणा के तुरंत बाद सशस्त्र विद्रोहियों ने पश्चिम बंगाल के पश्चिमी मिदनापुर जिले में सुरक्षा बलों के एक कैंप पर हमला कर दिया था।
उधर, गृह मंत्री ने दोहराया है कि नक्सली यदि हिंसा छोड़ने और बिना शर्त बातचीत का प्रस्ताव रखते हैं तो सरकार इस पर सकारात्मक रुख अपनाएगी।
चिदंबरम ने कहा, "हम न तो कोई 'किंतु-परंतु' और न ही कोई शर्त पसंद करते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications