ट्रक से कुचलकर एक की मौत, इलाके में तनाव
यह घटना बरेली जिले के इज्जतनगर थाना क्षेत्र की है जहां गुरुवार को बरेली-नैनीताल मार्ग पर एक 45 वर्षीय व्यक्ति को तेज रफ्तार से जा रही ट्रक ने कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया।
इज्जतनगर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार तिवारी ने संवाददाताओं को बताया कि घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने ट्रक को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर बरेली-नैनीताल राजमार्ग जाम कर दिया और कई सार्वजनिक वाहनों में तोड़फोड़ की। मौके पर जाम हटाने पहुंची पुलिस से उग्र भीड़ ने हाथापाई कर पथराव किया।
तिवारी ने कहा कि पथराव में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। कड़ी मशक्कत के बाद जाम हटवा दिया गया है। उधर घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है। तिवारी ने कहा कि तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications