बिहार में नक्सलियों ने 2 लोगों को गोली मारी
पुलिस के अनुसार मानिकबथान गांव में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के 15 से 20 नक्सलियों ने धावा बोल दिया। इसके बाद उन्होंने गांव के ही अरुण यादव और रविन्द्र यादव को खोज कर उन्हें गोली मार दी। इस घटना में अरुण यादव की मौत हो गई जबकि रविन्द्र घायल हो गया।
झाझा के पुलिस उपाधीक्षक राकेश कुमार सिन्हा ने गुरुवार को बताया कि घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने घटनास्थल पर एक पर्चा छोड़ा है जिसमें दोनों पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।
उल्लेखनीय है कि नक्सलियों ने जमुई जिले के महेश्वरी गांव में रविवार को एक विद्यालय भवन को विस्फोटकों से उड़ा दिया था। नक्सलियों ने शनिवार की रात एक चौकीदार गुलाब राय पर पुलिस की मदद करने का आरोप लगाते हुए गोली मार कर हत्या कर दी थी।
इसके पूर्व 17 फरवरी की रात सिकंदरा थाना क्षेत्र के एक गांव में नक्सलियों ने धावा बोलकर 35 से ज्यादा घरों में आग लगा दी थी तथा 11 लोगों की हत्या कर दी थी। इसके बाद से ही जमुई जिले में नक्सलियों के खिलाफ छापामारी अभियान चलाया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications