मध्य प्रदेश पर 56 हजार करोड़ रुपये का कर्ज
भोपाल, 25 फरवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के वित्त मंत्री राघवजी ने विधानसभा में बजट पेश करने के बाद एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि राज्य ने एक साल में 9000 करोड़ रुपये का कर्ज लिया है जिससे कुल कर्ज बढ़कर 56,250 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
राघवजी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि पिछले साल सरकार पर कुल 47,280 करोड़ रुपये का कर्ज था, वहीं इस साल लगभग 9000 हजार करोड़ रुपये कर्ज लिया गया है जिससे कुल कर्ज बढ़कर 56,250 करोड़ रुपये हो गया है।
उन्होंने बताया कि कुल बजट का 11.63 प्रतिशत हिस्सा 5098 करोड़ रुपये कर्ज का ब्याज देने में चला जाता है जबकि वर्ष 2001-2002 में बजट का 20 प्रतिशत हिस्सा कर्ज चुकाने में चला जाता था।
उन्होंने कहा कि बजट का लगभग 18 फीसदी हिस्सा शिक्षा और स्वास्थ्य पर खर्च किया जाएगा। प्रदेश के 51,507 करोड़ रुपये में से 6009 करोड़ रुपये शिक्षा और 1887 करोड़ रुपये स्वास्थ्य सेवाओं पर खर्च किए जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications