अब कीमतें कम होने लगी हैं : पवार
लोकसभा में महंगाई पर चली लगभग छह घंटे की बहस का जवाब देते हुए पवार ने कहा, "महंगाई गंभीर विषय है। इससे जनता सीधे तौर पर प्रभावित हुई है। इसे रोकने के लिए सरकार को जो कदम उठाने की आवश्यकता है वह सरकार की ओर से उठाए जा रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "चाहे आवश्यक उपभोक्ता कानून में सुधार कर राज्य सरकारों को और अधिक अधिकार देने की बात हो या फिर उन्हें खाद्यान्न आवंटित करने का मामला हो, सरकार की तरफ से हर कोशिश की गई। यहां तक कि विपक्ष की मांग पर मुख्यमंत्रियों की बैठक भी बुलाई गई।"
पवार ने कहा, "कई सदस्यों ने दैनिक उपभोग की वस्तुओं की कीमतें बताई और महंगाई के लिए सरकार के कुप्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया लेकिन मेरे पास भी रोजाना बाजार के आंकड़े आते हैं। मेरे पास उपलब्ध आंकड़े साफ करते हैं कि आवश्यक उपभोग की कई वस्तुओं की कीमतों में अब कमी आने लगी है।"
पवार ने अपनी बात के समर्थन में पिछले तीन महीने से लेकर गत बुधवार तक आवश्यक उपभोग की वस्तुओं की कीमतों में आए बदलाव का ब्योरा भी पेश किया। यही नहीं उन्होंने अखबारों की कतरनों को भी पढ़कर सुनाया जिनमें कहा गया था कि महंगाई अब कम होने लगी है।
उन्होंने कहा, "वाकई महंगाई से स्थिति बहुत गंभीर हो गई थी। सरकार भी इसे लेकर कम चिंतित नहीं है। सरकार ने कई कदम उठाए, जिनमें दीर्घकालिक और अल्पकालिक कदम भी शामिल हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications