पुणे विस्फोट की जिम्मेदारी लेने वालों की जांच करे पाक : भारत
नई दिल्ली, 25 फरवरी (आईएएनएस)। विदेश सचिव निरुपमा राव ने गुरुवार को अपने पाकिस्तानी समकक्ष सलमान बशीर से कहा कि पाकिस्तान को पुणे बम विस्फोट की जिम्मेदारी लेने वाले अज्ञात आतंकवादी संगठनों के दावे की जांच करनी चाहिए।
बशीर से बातचीत के बाद उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "हाल में पुणे में हुआ बम धमाका इस बात का सूचक है कि हमारे नागरिकों पर अब भी आतंकवादी हमला जारी है।"
राव ने कहा, "हम बातचीत के लिए खुले दिमाग से गए लेकिन अपनी चिंताओं को लेकर पूरी तरह सचेत रहे।"
उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी अधिकारी से इलियास कश्मीरी की धमकी के अलावा अज्ञात संगठन लश्कर-ए-तैयबा अल अलामी के दावों की जांच के संबंध में कहा गया है।
उल्लेखनीय है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को लश्कर-ए-तैयबा अल अलामी का प्रवक्ता बताते हुए पुणे बम विस्फोट की जिम्मेदारी ली थी।
उसने इस्लामाबाद में एक भारतीय पत्रकार से कहा था कि उसका संगठन लश्कर-ए-तैयबा से टूटकर बना है।
पाकिस्तान में अलकायदा के आतंकवादी इलियास कश्मीरी ने भी धमकी दी थी कि आने वाले दिनों में भारत में होने वाली विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं उनके निशाने पर हैं।
माना जा रहा है कि अमेरिका में कैद लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी डेविड कोलमैन हेडली के साथ इलियास के रिश्ते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications