आतंकवादी गतिविधियां बंद करे पाकिस्तान : भारत (लीड-3)
विदेश सचिव निरुपमा राव ने गुरुवार को पाकिस्तानी विदेश सचिव सलमान बशीर के साथ बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पाकिस्तान को अपनी जमीन और अपने नियंत्रण वाले क्षेत्र से होने वाली सभी आतंकवादी गतिविधियों को बंद करना होगा।
राव ने पाकिस्तान में पांच फरवरी को एक रैली में कुछ संगठनों द्वारा भारत के खिलाफ आतंकवादी कार्रवाई संबंधी बयानों के संदर्भ में कहा, "यह पाकिस्तान का दायित्व है कि वह लश्कर-ए-तैयबा, जमात-उद-दावा और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे आतंकवादी संगठनों के खिलाफ जल्द कार्रवाई करे।"
राव ने कहा, "मैंने अपने भारतीय समकक्ष से कहा कि आतंकवाद किसी चीज को आगे नहीं बढ़ा सकती है। वह केवल हिंसा को बढ़ा सकती है। यह सभी देशों का दायित्व बनता है कि वह अपनी जमीन से आतंकवादी गतिविधियों को बंद करे। "
दोनों देशों के विदेश सचिवों के बीच हुई बैठक में भारत ने मुंबई पर आतंकवादी हमले के संदिग्ध सूत्रधार हाफिज सईद की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हाल में घुसपैठ की घटनाओं के बढ़ने पर चिंता जाहिर की।
राव ने संवाददाताओं से कहा कि बातचीत में नवंबर 2008 में हुए मुंबई हमलों को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने कहा कि पूरे षडयंत्र का खुलासा करने और दोषियों को सजा देने के मामले में पर्याप्त प्रयास नहीं किए गए।
मुंबई पर आतंकवादी हमले के बाद पहली बार दोनों देशों के विदेश सचिवों की हैदराबाद हाउस में हुई औपचारिक मुलाकात के दौरान निरुपमा राव और सलमान बशीर के बीच तीन घंटे की वार्ता में सीमा पार आतंकवाद प्रमुख मुद्दा रहा।
बैठक के दौरान भारत ने जमात-उद-दावा के संस्थापक और मुंबई पर हमले के संदिग्ध आरोपी हाफिज सईद की ताजा कारगुजारियों का उल्लेख किया। इस महीने के शुरू में दोनों देशों के बीच वार्ता की घोषणा के बाद से उसने भारत के खिलाफ जहर उगलना तेज कर दिया है।
पाकिस्तान ने उसके खिलाफ कार्रवाई करने का वादा किया। पाकिस्तान की एक अदालत ने मुंबई हमलों में शामिल होने के सबूतों को अपर्याप्त बताते हुए पिछले वर्ष सईद को रिहा कर दिया था।
दूसरी तरफ पाकिस्तान ने कश्मीर विवाद से जुड़े मुद्दों और बलूचिस्तान में विद्रोह भड़काने में भारत का कथित रूप से हाथ होने की बात उठाई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications