आंध्र प्रदेश विधानसभा ने तेंदुलकर को बधाई दी
गुरुवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने के साथ ही मुख्यमंत्री के. रोसैया ने पूरे सदन की ओर से तेंदुलकर को इस महान उपलब्धि के लिए बधाई दी। इस पर सदस्यों ने मेज थपथपाकर इस पर अपनी प्रसन्नता जाहिर की। रोसैया ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि तेंदुलकर आने वाले दिनों में देश के लिए और उपलब्धियां हासिल करेंगे।
उल्लेखनीय है कि तेंदुलकर बुधवार को एकदिवसीय मैचों में 200 रनों की व्यक्तिगत पारी खेलने वाले विश्व के एकमात्र बल्लेबाज बने। एकदिवसीय मैचों में 17 हजार से अधिक रन बना चुके तेंदुलकर ने पाकिस्तान के सईद अनवर और जिंबाब्वे के केविन कोवेंट्री का रिकार्ड तोड़ा।
अनवर ने भारत के खिलाफ 1997 में चेन्नई में 194 रनों की पारी खेली थी जबकि कोवेंट्री ने 2009 में बांग्लादेश के खिलाफ बुलावायो में नाबाद 194 रन बनाए थे। एकदिवसीय मैचों में इससे पहले तेंदुलकर का सर्वोच्च व्यक्तिगत योग 186 (नाबाद) था, जो उन्होंने 1999 हैदराबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications