अमेरिका भारत-पाकिस्तान की सीधी वार्ता के पक्ष में : हिलेरी क्लिंटन
वाशिंगटन, 25 फरवरी (आईएएनएस)। नई दिल्ली में भारत और पाकिस्तान के विदेश सचिवों की वार्ता से पहले अमेरिका ने कहा कि सीधी वार्ता और शीर्ष स्तर पर राजनीतिक संपर्क के लिए उसने दोनों देशों को प्रोत्साहित किया।
अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने बुधवार को सीनेट की समिति की एक बैठक में कहा, "भारत और पाकिस्तान का सम्मान करने के साथ हमने दोनों देशों को सीधी वार्ता के लिए प्रोत्साहित किया जो पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के पद छोड़ने के बाद से स्थगित थी।"
वित्तीय वर्ष 2010 के लिए विदेश मंत्रालय के बजट की उपयुक्तता पर सीनेट की समिति की बैठक में क्लिंटन ने कहा कि मुशर्रफ और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बीच वार्ता फलदायक रही थी, खासकर कश्मीर मुद्दे पर।
भारत-पाकिस्तान संबंधों के बारे में किए गए अमेरिकी कार्यो के बारे में रिपब्लिकन सीनेटर जूड ग्रेग के एक सवाल में उन्होंने कहा कि अमेरिका ने दोनों देशों को वार्ता के लिए प्रोत्साहित किया और दोनों देश ऐसा करने जा रहे हैं। यद्यपि इसमें पिछले दो वर्षो के दौरान व्यवधान भी आया।
क्लिंटन ने कहा, "अमेरिका दोनों देशों की चिंताओं के बारे में संवेदनशील है और उनके मुद्दों को उन्हें स्वयं सुलझाना है। परंतु अमेरिका उनको अलग-अलग लगातार प्रोत्साहित करता है कि इस प्रक्रिया को जारी रखना उनके पारस्परिक हित में है।"
भारत-अमेरिका संबंधों के बारे में क्लिंटन ने कहा कि पहले के संबंधों के आधार पर वर्तमान अमेरिकी प्रशासन ने भारत के साथ सफलतापूर्वक अपने संबंधों की शुरुआत की।
पाकिस्तान से अमेरिकी संबंधों के बारे में उन्होंने कहा, "हम पाकिस्तान के साथ नए तरीके का संबंध बनाने का प्रयास कर रहे हैं, जो दीर्घकालिक होगा।"
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ संबंधों के दो महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं-पहला अमेरिका के सुरक्षा हित। इस दिशा में काफी प्रयास के बावजूद कम लेकिन महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है।
क्लिंटन के अनुसार पाकिस्तान की आतंरिक स्थिति भी काफी महत्वपूर्ण है। तालिबान आतंकवादियों को पकड़ने के लिए पाकिस्तान सेना और नागरिक प्रशासन के अमेरिका के साथ सहयोग करने के प्रयासों को बढ़ाया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications