देश के लिए गर्व का विषय है तेंदुलकर का दोहरा शतक : लोक सभा
गुरुवार को कार्यवाही शुरू होने के साथ लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार सदन को तेंदुलकर की इस महान उपलब्धि की जानकारी दी। इस पर सांसदों ने मेज थपथपाकर इस पर अपनी प्रसन्नता जाहिर की।
मीरा कुमार ने कहा, "तेंदुलकर ने अपनी इस पारी से देश का नाम रोशन किया है। यह एक नायाब उपलब्धि है और देश के युवा क्रिकेट खिलाड़ी इससे प्रेरणा हासिल करेंगे। हमने तेंदुलकर को इस संबंध में बधाई देने के साथ भविष्य के लिए शुभकामनाएं भेज दी हैं।"
सदन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी एकदिवसीय श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन करने के लिए भारतीय टीम को बधाई दी। भारत ने ग्वालियर में 153 रनों की जीत के साथ तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त कायम कर ली है।
उल्लेखनीय है कि तेंदुलकर बुधवार को एकदिवसीय मैचों में 200 रनों की व्यक्तिगत पारी खेलने वाले विश्व के एकमात्र बल्लेबाज बने। तेंदुलकर ने अपनी 147 गेंदों की यादगार पारी के दौरान 25 चौके और तीन छक्के लगाए। एकदिवसीय मैचों में 17 हजार से अधिक रन बना चुके तेंदुलकर ने पाकिस्तान के सईद अनवर और जिंबाब्वे के केविन कोवेंट्री का रिकार्ड तोड़ा।
अनवर ने भारत के खिलाफ 1997 में चेन्नई में 194 रनों की पारी खेली थी जबकि कोवेंट्री ने 2009 में बांग्लादेश के खिलाफ बुलावायो में नाबाद 194 रन बनाए थे। एकदिवसीय मैचों में इससे पहले तेंदुलकर का सर्वोच्च व्यक्तिगत योग 186 (नाबाद) था, जो उन्होंने 1999 हैदराबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications