ग्रामीणों ने चंदा एकत्र कर बनवायी पुलिस चौकी

मुजफ्फरपुर जिला मुख्यालय से करीब 16 किलोमीटर दूर सकरा थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव स्थित पुलिस चौकी के लिए भवन का निर्माण जन सहयोग से हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि पहले चौकी के भवन की जगह पुलिसकर्मी झोपड़ी में रहते थे। बारिश के समय यहां तैनात पुलिसकर्मी आसपास के मकानों में रहकर अपनी ड्यूटी करते थे।
पढ़ें- बिहार के नक्सलियों की सेना में बच्चे भी
गांव वालों को यह अच्छा नहीं लगा और उन्होंने चंदा एकत्रित कर पुलिस चौकी के भवन का निर्माण करवाने का फैसला लिया। ग्रामीणों की मेहनत रंग लाई और पुलिस चौकी के लिए दो मंजिला भवन बन कर तैयार हो गया।
बरियारपुर ग्राम पंचायत के सरपंच धनेश कुमार ने बताया, "भवन में प्रथम तल पर एक बड़ा सा हॉलनुमा कमरा है जबकि दूसरे तल पर दो बड़े-बड़े कमरे हैं। भवन निर्माण में अब तक लगभग तीन लाख रुपये खर्च किए गए हैं जबकि अब भी कुछ कार्य किया जाना बाकी है।"
पढ़ें- विकास के पथ पर बिहार का कारवां
बरियारपुर पुलिस चौकी के प्रभारी भोला कुमार सिंह ने बताया, "चौकी में फिलहाल 20 सशस्त्र जवान हैं जिनमें तीन पुलिस अधिकारी हैं। ग्रामीणों के सहयोग से बने इस भवन में अब पुलिसकर्मियों को जहां रहने की सुविधा मिल गई है वहीं पुलिस कामकाज में मौसम व्यवधान नहीं डालेगा"
मुजफ्फरपुर मुख्यालय के पुलिस उपाधीक्षक मनीष कुमार ने ग्रामीणों के इस कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिस चौकी के भवन का निर्माण पुलिस और जनता के बीच दोस्ताना संबंधों का प्रतीक है। ग्रामीणों के इस प्रशंसनीय कार्य के लिए उन्होंने पुरस्कार दिलाने की बात कही।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications