श्रीराम सेना का बंद बेअसर, 100 कार्यकर्ता हिरासत में (लीड-1)
कांग्रेस की युवा इकाई के कार्यकर्ता द्वारा कथित रूप से श्रीराम सेना के प्रमुख प्रमोद मुतालिक के चेहरे पर गुरुवार को कालिख पोत दी गई थी। सेना ने वेलेंटाइन डे (14 फरवरी) के दौरान बाधा पहुंचाने की योजना बनाई है।
श्रीराम सेना ने मुतालिक पर हुए हमले की निंदा के तौर पर इस बंद का ऐलान किया था।
पुलिस के अनुसार बंद के दौरान बेंगलुरु में दुकानें और औद्योगिक प्रतिष्ठान आम दिनों की तरह ही खुले रहे और सड़कों पर सरकारी और निजी वाहनों की आवाजाही सामान्य रही।
पुलिस महानिदेशक अजय कुमार सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि सेना के कार्यकर्ताओं ने उडुप्पी, बेल्लारी, धारवाड और गदाग जिलों में दुकानों को बंद कराने के लिए पथराव किया। इन जिलों में लगभग 100 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि श्रीराम सेना के कार्यकर्ताओं द्वारा सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील उडुप्पी और दक्षिण कन्नड़ जिलों में बसों पर पथराव करने और करीब 10 बसों को नुकसान पहुंचाए जाने के बाद बस मालिकों ने बसों की आवाजाही रोक दी।
प्रवक्ता ने दक्षिण कन्नड़ में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री आस्कर फर्नांडिज के आवास पर पत्थर फेंके जाने से इंकार किया।
राज्य के मुख्यमंत्री बी.एस.येदियुरप्पा ने श्रीराम सेना द्वारा बंद के ऐलान की आलोचना करते हुए कहा,"बंद का ऐलान उन लोगों द्वारा किया गया है जो राज्य के विकास का विरोध कर रहे हैं।"
मुख्यमंत्री ने पुलिस को निर्देश दिया है कि राज्य में शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications