भारत-न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर वार्ता अप्रैल में
ऑकलैंड, 10 फरवरी (आईएएनएस)। मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर बातचीत के लिए एक भारतीय दल अप्रैल महीने में न्यूजीलैंड के दौरे पर होगा।
न्यूजीलैंड में भारतीय उच्चायुक्त एडमिरल (सेवानिवृत्त) सुरीश मेहता ने कहा है कि भारत के साथ मुक्त व्यापार दोनों देशों के लिए बहुत लाभकारी होगा।
भारत-न्यूजीलैंड व्यापार परिषद की ऑकलैंड इकाई के उद्घाटन अवसर पर मेहता ने कहा, "न्यूजीलैंड द्वारा भारत को निर्यात की जाने वाली वस्तुओं की सूची बहुत सीमित है। इस सूची को व्यापक बनाने के ढेर सारे अवसर हैं और इसे बढ़ाना जरूरी भी है।"
मेहता ने जोर देकर कहा कि सीमापार निवेश के साथ ही सेवाओं के निर्यात की काफी संभावनाएं हैं और यह जरूरी है कि बातचीत में इन क्षेत्रों को शामिल किया जाए।
भारत-न्यूजीलैंड व्यापार परिषद के अध्यक्ष वेनसेसलौस एथोनी ने कहा कि भारत के साथ बातचीत में हाल के महीनों में जो गति आई है, परिषद उसे जारी रखना चाहता है।
एंथोनी ने कहा, "हम पूरे न्यूजीलैंड के व्यापारिक समुदाय में इस बात की जागरूकता पैदा करने में मदद करते हैं कि भारत हमारे भविष्य की आर्थिक समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण है।"
एंथोनी ने कहा, "मैं उम्मीद करता हूं कि परिषद की क्षेत्रीय इकाइयों की स्थापना परिषद द्वारा आने वाले वर्षो में अपना कद बढ़ाने के लिए तथा न्यूजीलैंड के व्यापारिक समुदाय में भारत के महत्व की स्वीकारोक्ति को बढ़ाने के लिए उठाए जाने वाले कई सारे नए कदमों में से एक होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications