मुंबई में 'माई नेम इज खान' की टिकटों की अग्रिम बुकिंग रुकी
मुंबई, 10 फरवरी (आईएएनएस)। शिवसेना कार्यकर्ताओं के हिंसक प्रदर्शन के बाद बुधवार को मुंबई में अभिनेता शाहरुख खान की फिल्म 'माई नेम इज खान' की टिकटों की अग्रिम बुकिंग रुक गई।
पीवीआर और सिनेमैक्स मल्टीप्लेक्स मालिकों ने टिकटों की अग्रिम बुकिंग रोक दी है। इसी तरह एकल पर्दे वाले थियेटरों जैसे मुलुंड स्थित मेहुल और घाटकोपर स्थित श्रेयस में भी बुकिंग रोक दी गई।
सिनेमैक्स के उप महाप्रबंधक गिरीश वानखड़े ने आईएएनएस से कहा, "हमने अब फिल्म के लिए टिकटों की अग्रिम बुकिंग रोक दी है। बुधवार को शाम चार बजे यह बुकिंग दोबारा शुरू हो सकती है लेकिन अब तक कुछ भी निश्चित नहीं है।"
मेहुल थियेटर के एक अधिकारी प्रमोद माधव ने कहा, "फिल्म के प्रदर्शन के संबंध में कुछ भी निश्चित नहीं है। हमें गुरुवार तक इस विषय में नई जानकारी मिलने की उम्मीद है लेकिन अभी अग्रिम बुकिंग रोक दी गई है।"
टेलीविजन चैनल्स के मुताबिक पीवीआर, बिग सिनेमा, एडलैब्स और फन सिनेमा जैसे मल्टीप्लेक्स में 'माई नेम इज खान' के टिकटों की अग्रिम बुकिंग रोक दी गई है।
शाहरुख खान द्वारा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में पाकिस्तानी क्रिकेट खिलाड़ियों को शामिल करने की वकालत करने के बाद से शिवसेना फिल्म के विरोध में प्रदर्शन कर रही है।
मुंबई पुलिस द्वारा 63 सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स में सुरक्षा का आश्वासन देने के बावजूद शिवसेना कार्यकर्ता वहां तोड़-फोड़ कर रहे हैं और फिल्म के होर्डिग्स फाड़ रहे हैं। यहां फिल्म शुक्रवार को प्रदर्शित होगी।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) हिमांशु रॉय ने बुधवार को कहा, "हम इसे फिल्म के प्रदर्शन के लिए खतरे के रूप में नहीं देख रहे हैं लेकिन यह कानून-व्यवस्था की स्थिति के लिए एक खतरा है।"
शिवसेना के 1,000 से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अमेरिका में 9/11 के हमले के बाद की स्थिति पर बनी फिल्म 'माई नेम इज खान' शुक्रवार को विश्वभर में प्रदर्शित हो रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications