सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान दिवस परेड रद्द

पाकिस्तानी रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ समिति के अध्यक्ष जनरल तारिक मजीद की रिपोर्ट के आधार पर प्रधानमंत्री युसूफ रजा गिलानी ने इस वर्ष 23 मार्च को पाकिस्तान दिवस के अवसर पर होने वाली सशस्त्र सेनाओं की परेड को रद्द कर दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों पर आतंकवादी हमले का खतरा है और इससे अधिक राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राजनयिकों और परेड देखने के लिए जुटने वाले लोगों की सुरक्षा भी महत्वपूर्ण है।
कराची में दो आत्मघाती बम हमलों में 33 लोगों की मौत के एक दिन बाद यह कदम उठाया गया। सूत्रों ने समाचार एजेंसी ऑनलाइन को बताया कि देश की वर्तमान स्थिति और दक्षिणी वजीरिस्तान में जारी सैन्य अभियान के कारण संयुक्त परेड का आयोजन संभव नहीं है।
पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर करीब 150,000 सैनिक तैनात हैं और स्वात तथा मलकंड क्षेत्रों में सुरक्षा कायम रखने के लिए हजारों सैनिक लगे हैं। पाकिस्तान दिवस पर अंतिम सैनिक परेड वर्ष 2007 में आयोजित की गई थी और तत्कालीन राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ उसमें उपस्थित थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications