अमेरिका में भारी हिमपात से जनजीवन प्रभावित
समाचार एजेंसी 'डीपीए' के अनुसार, शुक्रवार सुबह से जारी भारी बर्फबारी से मैरीलैंड और वर्जीनिया में एक लाख से ज्यादा मकानों में बिजली गुल हो गई।
राष्ट्रीय मौसम सेवा के अनुसार, रविवार तक राजधानी में 50 सेंटीमीटर और वाशिंगटन के उपनगरीय क्षेत्रों में 60 सेंटीमीटर से ज्यादा बर्फ गिर चुकी थी। साथ ही 32 से 48 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रहीं थी। प्रभावित सात राज्यों में से कई जगह दृश्यता भी बहुत कम रही।
स्थानीय टेलीविजन के अनुसार, वाशिंगटन क्षेत्र में पिछले 90 वर्षो में यह सबसे भयानक तूफान था।
वर्जीनिया में शुक्रवार दोपहर से ही आपात स्थिति घोषित कर दी गई थी। विश्वविद्यालय और स्कूल बंद रहे और बर्फबारी के कारण सरकारी कर्मचारी घंटों देरी से कार्यालय पहुंच सके।
डेल्टा एअरलाइंस ने शनिवार को वाशिंगटन, बाल्टीमोर और फिलाडेल्फिया से अपनी उड़ानों को रद्द कर दिया, लेकिन रविवार को उड़ानें चालू हो जाने के आसार हैं।
असामान्य मौसम को देखते हुए लोगों ने ब्रैड, दूध और अन्य जरूरी वस्तुओं को इकट्ठा कर लिया, जिससे ये वस्तुएं अब दुकानों में नहीं दिख रही हैं।
मौसम विज्ञानियों ने कहा कि अल नीनो मौसम के कारण यह जबरदस्त बर्फबारी हुई। इसके अलावा ज्यादातर रेलों का संचालन बंद कर दिया गया। वाशिंगटन के मेयर एड्रिन फेंटी ने लोगों से सतर्क रहने को कहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications