आगरा में जुटेंगे दुनियाभर के न्यूरो सर्जरी के विशेषज्ञ
आगरा, 7 फरवरी (आईएएनएस)। आगरा में 13 फरवरी से आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला में न्यूरो सर्जरी से जुड़े दुनियाभर के विशेषज्ञ इकट्ठा होंगे। इस मौके पर आयोजित कार्यशाला में ये विशेषज्ञ 200 भारतीय चिकित्सकों को नवीनतम शैली की जानकारी भी देंगे।
कार्यक्रम के आयोजन सचिव डा. आर.सी. मिश्रा ने कहा कि देश में यह अपने तरह का पहला शैक्षिक कार्यक्रम है। यह कार्यक्रम वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ न्यूरो सर्जिकल सोसाइटी और एशियन-आस्ट्रेलियन सोसाइटी ऑफ न्यूरोलाजिकल सर्जन्स की पहल पर आयोजित किया गया है।
इस कार्यक्रम में विश्व के कई विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे। इनमें चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े छात्रों के लिए पुस्तक लिखने वाले बोस्टन के पीटर ब्लैक, अल्बिनो ब्रिकोलो (इटली), एंड्रयू काए (आस्ट्रेलिया), अरमंडो बासो (ब्यूनस आयर्स), कानसिजीओ डी रोक्को (फ्रांस) और बल्जियम के जैक्स ब्राची शामिल हैं।
मिश्रा ने आईएएनएस को बताया कि इस कार्यक्रम को 'अपडेट बाई द बेस्ट' का नाम दिया गया है।
इस दो दिनों के व्यस्त कार्यक्रम के दौरान ब्रेन ट्यूमर और रीढ़ की हड्डी संबंधी समस्यायों पर विशेष व्याखान दिए जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications