राहुल, शाहरुख, शिवसेना ब्लॉग जगत में छाए

ब्लॉग 'मेरे सपने मेरे अपने' ने शिवसेना के विरोध पर टिप्पणी की है, "उत्तर भारतीयों के पीछे राज ठाकरे.'खान' से खुन्नस निकालती शिवसेना.शिवसेना के पीछे बीजेपी-आरएसएस और अब इनके पीछे युवराज यानी राहुल गांधी। पर कुछ भी हो हार तो यहां बाल ठाकरे और उनके मुद्दे की हुई है। ठाकरे परिवार की अब वैसी हैसियत नहीं रह गई है जो कि पहले हुआ करती थी।"
आंधी ले उड़ी मातोश्री की पटकथा
शुक्रवार को राहुल गांधी के चार घंटे के मुंबई दौरे पर 'आपस की बात' ने टिप्पणी की, "लंबे समय से उत्तर भारतीयों को लेकर मातोश्री में लिखी जा रही पटकथा के पन्नों को आज एक ऐसी आंधी उड़ा ले गई, जिसे हवा का कमजोर झोंका समझा जा रहा था। कांग्रेस का ये बांका सजीला नौजवान नेता लंबे समय से देश को समझाने में लगा है। पटना का वीमेन्स कॉलेज हो, जबलपुर का सेंट अलॉयसियस या फिर मुंबई का भाईदास हॉल.हर जगह राहुल युवाओं में ख्वाब जगाते दिखे।"
'विस्फोट' ने कहा, "कांग्रेस के युवराज की बहुचर्चित मुंबई यात्रा पूंजीवादी मीडिया के टीआरपी बढ़ाऊ तमाशे के अलावा कुछ और साबित नहीं हो सका। युवराज की यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से निपट जाए इसके लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चह्वाण सहित पूरा प्रशासनिक अमला सांसे बांधे खड़ा था।"
देश के हीरो हैं शाहरुख
उधर, शाहरुख के बयान को लेकर शिवसेना की धमकियों पर भी ब्लॉग जगत में बातचीत हो रही है। 'झारखण्ड राज्य' ने टिप्पणी की है, "शाहरुख केवल फिल्मी हीरो नहीं है बल्कि वास्तव में देश के हीरो हैं। उनकी देशभक्ति पर वही लोग अंगुली उठा सकते हैं जो खुद देशद्रोह का काम करते हैं। "
'एक जिद्दी धुन' ने टिप्पणी की है कि शाहरुख के पिता मुल्क की आजादी के लिए लड़े थे। ब्लॉग ने स्वतंत्रता सेनानी त्रिलोचन सिंह (83 वर्ष) के हवाले से कहा कि शिवसेना को यह कहने का अधिकार नहीं है कि शाहरुख को पाकिस्तान चले जाना चाहिए क्योंकि शाहरुख के पिता ताज मोहम्मद स्वतंत्रता सेनानी थे। ब्लॉग ने टिप्पणी की है, "जिन शिवसैनिकों का देश की आजादी के लिए लड़ने का कोई इतिहास नहीं है, उन्हें मालूम होना चाहिए कि शाहरुख के पिता ताज मोहम्मद खान स्वतंत्रता सेनानी थे।"
राहुल, शाहरुख और शिवसेना को लेकर ब्लॉग जगत के अलावा विभिन्न सोशल नेटवर्किं ग वेबसाइट्स पर भी चर्चा हो रही है। इन ऑनलाइन मंचों पर लोग इस मुद्दे पर अपने विचार व्यक्त कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications