आगरा में अंतर्राष्ट्रीय होम्योपैथ सम्मेलन शुरू
आगरा, 7 फरवरी (आईएएनएस)। आगरा में रविवार को होम्योपैथ के क्षेत्र में अनुसंधान को और बढ़ावा देने के लिए अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन शुरू हुआ। फ्रांस, स्विट्जरलैंड, अरमेनिया, नाईजीरिया और इंग्लैंड के 50 से अधिक होम्योपैथ की नामी संस्थाएं इसमें हिस्सा ले रहीं हैं।
इस सम्मेलन का आयोजन एक अंतर्राष्ट्रीय शोध संस्थान और छह यूरोपीय देशों की सहायता से किया गया है। सम्मेलन का उद्घाटन आगरा विश्वविद्यालय के कुलपति के.एन. त्रिपाठी ने किया।
वरिष्ठ होम्योपैथ चिकित्सक आर. एस. पारिक के अनुसार कई दवाओं की प्रयोगशाला जांच से प्राप्त परिणामों को देखकर आने वाले दिनों में कैंसर और एड्स जैसी बीमारियों के इलाज में सफलता मिलने की उम्मीद बनी है।
जर्मन भाषा में कैंसर और गुर्दे की बीमारी पर कई पुस्तकें लिख चुके80 वर्षीय पारिक अंतर्राष्ट्रीय होम्योपैथ सम्मेलन में संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। पारिक इन दिनों चार और किताबों पर काम कर रहे हैं।
सम्मेलन और कार्यशालाओं का समापन 10 फरवरी को होगा।
पारिक ने आईएएनएस को बताया, " हम प्रत्येक वर्ष यूरोपीय देशों में होम्योपैथ का प्रशिक्षण देते हैं। यात्रा करने में रुपये और समय ज्यादा व्यय होता है। इसी वजह से हमने अंतर्राष्ट्रीय होम्योपैथिक अनुसंधान संस्थान की स्थापना की।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications