माकपा के दो पूर्व सांसद कांग्रेस से जुड़ने को तैयार
कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने आईएएनएस को बताया कि माकपा के पूर्व सांसदों के.एस.मनोज और एस.शिवरमन को पार्टी में शामिल करने की प्रारंभिक बातचीत शुरू हो गई है।
कांग्रेस के एक नेता ने अपना नाम न जाहिर करने की शर्त पर कहा, "अब इसे पार्टी के स्तर पर चर्चा किया जाना है और यह चर्चा कमेटी की अगली बैठक में होगी। माकपा के तीन और महत्वपूर्ण नेता भी अपनी पार्टी छोड़ सकते हैं।"
सबसे पहले कन्नूर से दो बार लोकसभा सांसद रहे माकपा के पूर्व सांसद ए.पी.अब्दुल्ला कुट्टी ने पार्टी छोड़ी। उन्हें पिछले वर्ष पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। फिलहाल वह कन्नूर विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक हैं।
जनवरी के प्रारंभ में अलप्पुझा के पूर्व सांसद के.एस.मनोज ने वैचारिक आधार पर माकपा से इस्तीफा दे दिया था।
पेशे से एनेस्थीसिया विशेषज्ञ मनोज के बारे में समझा जाता है कि उन्होंने अलप्पुझा जिला कांग्रेस इकाई से दोस्ती गांठ ली है और कांग्रेस में शामिल होने को हरी झंडी दे दी है।
अब पिछले सप्ताह माकपा से जुड़े छात्र नेता शिवरमन की बारी थी। उन्हें वर्ष 1993 के चुनाव में कांग्रेस की परंपरागत सीट ओट्टापालम से टिकट दिया गया था और उन्होंने 1.3 लाख वोट से आश्चर्यजनक जीत हासिल की थी।
एक सांसद के रूप में शिवरमन की वर्तमान राज्य कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष रमेश चेन्निथला से करीबी, माकपा को पसंद नहीं थी। इस तरह पलक्कड जिला कांग्रेस इकाई ने शिवरमन को पार्टी में शामिल किए जाने को भी हरी झंडी दे दी है।
इन तीनों नेताओं की आलोचना करते हुए माकपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व सांसद टी.के.हमजा ने कहा है कि ये सभी नेता ऐसे हैं, जिन्हें पार्टी ने सबकुछ दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications