मैराथन की वजह से इंडिया गेट पर फंसे रहे यात्री
नई दिल्ली, 7 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली में रविवार को आयोजित मैराथन की वजह से इंडिया गेट पर यातायात जाम लग गया। हालांकि यहां एक बैनर लगाया गया था जिस पर लिखा था 'आज सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक इस रास्ते से बचें' लेकिन बैनर छोटा होने और देर से लगाए जाने के कारण सैकड़ों यात्री जाम में फंसे रहे।
यात्रियों ने रास्ता बदले जाने की सूचना पहले से न देने की शिकायत की। एक यात्री अर्जुन कुमार ने कहा, "आप कैसे मैराथन के दिन ही लोगों को रास्ता बदलने का बैनर लगा सकते हैं? मुझे पहले से कोई जानकारी नहीं थी कि तीन घंटे के लिए इस रास्ते को बंद रखा जाएगा।"
कुमार ने झल्लाते हुए बताया, "पहले से जानकारी न होने की वजह से मैं अपने परिवार सहित बस स्टाप पर करीब डेढ़ घंटे तक इंतजार करता रहा। बाद में यातायात पुलिस से पूछने पर पता चला कि रास्ता बदल दिया गया है। इसके बाद हमें कम से कम दो किलोमीटर तक पैदल चलकर ऑटो रिक्शा पकड़ना पड़ा। जिसने निर्धारित किराए से ज्यादा रुपये लिए।"
यातायात पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इसकी जानकारी एक दिन पहले ही टेलीविजन और रेडियो पर दी गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications