पुलिसकर्मियों की भर्ती में तेजी लाएं राज्य : चिदम्बरम
नई दिल्ली, 7 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम ने रविवार को राज्य सरकारों पर अपने-अपने यहां खाली पड़े पुलिस पदों को भरने में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने राज्यों में पुलिस मद में बजट आवंटन बढ़ाने और खाली पड़े पदों को जल्द से जल्द भरने का राज्य सरकारों से आग्रह किया।
आंतरिक सुरक्षा के मुद्दे पर बुलाए गए मुख्यमंत्रियों के सम्मेलन में चिदम्बरम ने कहा, "वैश्विक स्तर पर यह स्वीकार किया गया है कि सुरक्षा संबंधी मामलों में अधिक से अधिक पुलिसकर्मियों को बहाल किए जाने का कोई विकल्प नहीं हो सकता। इसलिए मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि अपने-अपने राज्यों में पुलिसकर्मियों को बहाल करने के मामलों में तेजी लाएं।"
उन्होंने कहा कि गत वर्ष एक जनवरी तक देश में पुलिसकर्मियों की कुल संख्या 14.7 लाख थी और गत सितम्बर तक यह संख्या बढ़कर 15 लाख हो गई। यह अच्छा संकेत है।
उन्होंने कहा कि इसका दूसरा पहलू यह भी है कि गत वर्ष एक जनवरी तक 153,428 पद रिक्त थे। मार्च 2010 तक यह संख्या घटकर 138,559 होने की उम्मीद है।
गृह मंत्री ने कहा, "राज्य सरकारें खाली पड़े पदों को क्यों नहीं भर सकतीं। गत वर्ष जुलाई में हमने राज्यों को निर्देश दिया था कि एक साफ सुथरी बहाली नीति के जरिए पुलिसकर्मियों की बहाली करे लेकिन कुछ ही राज्य ऐसा करने में सफल रहे हैं।"
उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि रिक्त पदों की भर्ती के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध न होना भी एक बड़ी समस्या है।
चिदम्बरम ने कहा, "मेरे हिसाब से पुलिस विषय को आवश्यक बजटीय समर्थन नहीं मिलता है। मैं सभी मुख्यमंत्रियों से आग्रह करता हूं कि वे सुरक्षा के विषय को प्राथमिकता से लें और साथ ही 2010 में पुलिस पर अधिक से अधिक बजट आवंटन करें।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications