पोलैंड निवासियों को भा रहा बिरयानी, समोसे, टिक्के का स्वाद
सुरेंद्र भूटानी
वार्सा, 7 फरवरी (आईएएनएस)। पोलैंड की अर्थव्यवस्था में भले ही मंदी हो लेकिन राजधानी और अन्य शहरों में भारतीय रेस्तरां समोसे, चिकन टिक्का, बिरयानी और मैंगो लस्सी के साथ खूब लोकप्रिय हो रहे हैं और कई नागरिकों ने अपने घरों में भारतीय व्यंजन बनाने शुरू कर दिए हैं।
पोलैंड में वर्ष 1992 में व्यवसाय शुरू करने वाले पहले भारतीय रेस्तरां 'महाराजा' के मालिक देवेंदर सिंह ने कहा, "यह आश्चर्यजनक लेकिन सच है कि पिछले छह महीनों में करीब 12 नए भारतीय रेस्तरां खुले हैं। जबकि इसके पहले पुराने रेस्तरां की संख्या केवल छह थी।
वारसावासियों की मांग को पूरा करने के लिए आरती, नमस्ते इंडिया, बुद्धा बार, बांबे मसाला, गणेश और अन्य कई नए रेस्ताराओं को आमतौर पर सिंधी व्यापारियों ने खोला है।"
सिंह ने आईएएनएस को बताया, "इनमें से अधिकांश पहले कपड़े के व्यापार में लगे थे। अब अचानक इन लोगों को रेस्तरां के व्यापार में मुनाफा दिखाई देने लगा।"
इंडो-पोलिश चैंबर्स ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष और बॉलीवुड लाउंज में साझेदार जे.जे.सिंह ने बताया, "अब आप वारसा में कहीं भी जाएं आपको एक भारतीय रेस्तरां अवश्य मिलेगा। नोवी स्वीइट या पुराने शहर जैसे महंगे इलाकों में रेस्तरां खोलना खर्चीला है। वहां स्थानों का किराया बहुत अधिक है। इसके बावजूद व्यापारी जोखिम उठाने को तैयार हैं। यद्यपि उनको कांटिनेंटल और पोलिश रेस्तराओं से मुकाबला करना पड़ता है।"
इंडियन-पोलिश सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष जेनुसज किर्जीजोवस्की ने कहा कि करीब 90,000 लोगों ने पिछले पांच वर्षो में भारत का दौरा किया। इन लोगों को भारतीय स्वाद का चस्का लगा है और अब उसे पूरा करना है।
पूर्व राजदूत और भारत में रुचि रखने वाले बॉगुस्लाव जाकरेजेवस्की ने कहा कि यदि आप एक बार भारतीय खाने के शौकीन रहे तो फिर यह जीवन भर की लत बन जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications