आंतरिक सुरक्षा के लिए कड़े कानूनों की जरूरत : मोदी
नई दिल्ली, 7 फरवरी (आईएएनएस)। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए कड़े कानूनों की आवश्यकता जताई है।
आंतरिक सुरक्षा पर मुख्यमंत्रियों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि आंतरिक सुरक्षा को संगठित अपराध और आतंकवाद से खतरा है। इस चुनौती से निपटने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ-साथ कड़े कानूनों की भी आवश्यकता है।
उन्होंने कहा, "ऐसी समस्याओं से निपटने के लिए हमारे नीतिगत फैसले और कानून कड़े होने चाहिए। आंतरिक सुरक्षा के मुद्दे पर हमारे प्रयासों को मजबूती देने के लिए आवश्यक व उपयुक्त कानूनी प्रावधानों का न होना मेरे लिहाज से हमारे लिए सबसे ज्यादा चिंता की बात है।"
गुजरात विधानसभा द्वारा पारित गुजरात संगठित अपराध नियंत्रण विधेयक (गुजकोक) को केंद्र सरकार की अनुमति नहीं मिलने के संदर्भ के मोदी ने यह बातें कही। मोदी लंबे समय से इस विधेयक को मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेज रहे हैं।
मुंबई हमले के संदर्भ में पाकिस्तान को दिए गए दस्तावेजों का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि देश में ही ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए ताकि हमें अपने देश के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए बाहरी ताकतों के भरोसे नहीं रहना पड़े।
मोदी ने कहा, "यह महत्वपूर्ण है कि हम ताकतवर हैं लेकिन देश के बाहरी और विघटनकारी तत्वों को भी इसका अहसास कराया जाना जरूरी है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications