बिहार में नक्सलियों ने पटरी उड़ाई, यातायात प्रभावित (लीड-1)
पुलिस के अनुसार नक्सलियों ने जमुई जिले के नरगंजो रेलवे स्टेशन के समीप विस्फोट कर पटरी को उड़ा दिया। इस घटना के बाद से दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर रेल परिचालन ठप है। रेलवे एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना से लंबी दूरी रेलगाड़ियों का परिचालन सबसे अधिक प्रभावित हुआ है।
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) यू़ एस़ दा ने रविवार को बताया कि इस घटना में अप और डाउन दोनों पटरियों को नुकसान पहुंचा है। पटरी की मरम्मत का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
रेलवे के एक अधिकारी के मुताबिक घटना के बाद इस रेल मार्ग पर चलने वाली एक दर्जन से ज्यादा रेलगाड़ियां विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर रोक दी गई हैं।
कोलकाता में रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि कोलकाता आने वाली 18 रेलगाड़ियों का परिचालन प्रभावित हुआ है।
उल्लेखनीय है कि नक्सलियों ने बिहार, झारखण्ड, उड़ीसा और पश्चिम बंगाल में 72 घंटे के बंद का आह्वान किया है। नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन ग्रीनहंट के संबंध में नौ फरवरी को कोलकाता नें चारों राज्यों के मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय गृहमंत्री की बैठक होने वाली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications