प्रधानमंत्री ने की वैज्ञानिक सलाहकार परिषद के साथ बैठक
नई दिल्ली, 29 जनवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शुक्रवार को वैज्ञानिक सलाहकार परिषद के साथ बैठक की और अगले पांच वर्षों के दौरान भारत को विज्ञान के क्षेत्र में प्रतिस्पद्र्धी और एक वैश्विक नवाचार केंद्र के रूप में विकसित करने के मुद्दे पर चर्चा की।
परिषद के अध्यक्ष सी.एन.आर.राव के नेतृत्व में विशेषज्ञों के एक दल ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री पृथ्वीराज चव्हाण के साथ भावी योजनाओं पर और ध्यान दिए जाने वाले क्षेत्रों पर चर्चा की।
मंत्रालय के एक अधिकारी के अनुसार प्रधानमंत्री के साथ तीन प्रमुख विषयों पर चर्चा हुई। इन विषयों में राष्ट्रीय विज्ञान एवं अभियांत्रिकी अनुसंधान बोर्ड की भूमिका और परिचालन, सामान्य चिकित्सा शोध और विशेष जैवचिकित्सा शोध के विकास का प्रारूप, और देश में वैज्ञानिक प्रयास की गुणवत्ता सुधारने की आवश्यकता जैसे मुद्दे शामिल रहे।
परिषद के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में विज्ञान और प्रौद्योगिकी को आगे ले जाने के लिए परिषद को कई महत्वपूर्ण संदर्भो से संबंधित उचित सिफारिशों के साथ सामने आना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications