उड़ान भरने के तुरंत बाद हुआ हादसा

लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी ने खबर दी है कि बोइंग विमान बेरूत से इथोपिया की राजधानी आदिस अबाबा जा रहा था। बेरूत के रफीक हरीरी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से विमान ने हवाई अड्डे के उड़ान कार्यक्रम के अनुसार सोमवार तड़के 1.46 बजे उड़ान भरी थी। कुछ देर बाद ही यह राडार से गायब हो गया था।
यह हादसा दक्षिणी बेरूत से 15 किलोमीटर दक्षिण में खालिदेह और सादियात इलाके में हुआ। अधिकारियों का कहना है कि समुद्र में गिरने से पहले विमान पर बिजली गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उन्होंने बहुत तेज आवाज के बाद शोलों से घिरे विमान को समुद्र में गिरते देखा।
राहत दल समुद्र के उस हिस्से पर जमा हो रहे हैं जहां विमान गिरा। राहत दल के एक सदस्य ने बताया, "मौसम हमारी मदद नहीं कर रहा..लेकिन हमें कुछ लोगों के जीवित बचने की आस है।" रफीक हरीरी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान में सवार लोगों के संबंधियों की भीड़ जमा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications